हिमाचल में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर, वीडियो में देंखे 6 दिन तक बारिश-ओलावृष्टि की संभावना; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में आज से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो गया है, जिसके चलते राज्य के पहाड़ी इलाकों में अगले छह दिनों तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि और तूफानी मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।
13 और 14 जून को भी मौसम का मिजाज खराब रहने की संभावना है। इन दिनों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में यलो अलर्ट लागू रहेगा और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।हालांकि, 15 और 16 जून को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ने का अनुमान है, लेकिन इसके बावजूद राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
प्रशासन ने भी सभी जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है और संभावित भूस्खलन व सड़क अवरोध की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।फिलहाल पूरे राज्य में मौसम पर नजर रखी जा रही है और अगले कुछ दिन हिमाचल के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।

