हिमाचल के 5 जिलों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की संभावना, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

हिमाचल (Himachal weather) में गर्मी ने अब लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को हल्के बादलों के साथ उमस रही। हालांकि अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और एक-दो स्थानों पर बढ़ोतरी दर्ज की गई। हमीरपुर में अधिकतम तापमान 3.5, धौला कुआं, कसौली व अन्य स्थानों पर एक से दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
आज 5 जिलों में तूफान की संभावना
रविवार को रिकांगपिओ में 54 किलोमीटर प्रति घंटे, बिलासपुर में 48 किलोमीटर, बिलासपुर व कोटखाई में 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चला। मौसम विभाग ने आज यानी 19 मई को पांच जिलों कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान व ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
इस दौरान ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी जबकि अन्य स्थानों पर ओलावृष्टि व बारिश का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में तीन दिन तक रहने की संभावना है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है। शिमला में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मैदानी इलाकों की तरह शिमला में भी रात में गर्मी पड़ रही है। शिमला में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऊना में यह 19.7, जबकि सोलन में 17.4 डिग्री सेल्सियस है।