हिमाचल में सीजन की सबसे सर्द रात, तीन जगह माइनस में पहुंचा पारा; 22 नवंबर तक बर्फबारी के आसार नहीं
हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। प्रदेश के तीन मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में पारा माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं केलांग और कल्पा में भी तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार, कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री दर्ज किया गया। केलांग में पारा माइनस 3.1 डिग्री और कल्पा में माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा मनाली और सेओबाग में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री रहा।
सेओबाग में 8.2 डिग्री तक गिरा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेओबाग में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। भुंतर में 5.8 डिग्री, बजौरा में 5.7 डिग्री, मंडी में 5 डिग्री और चंबा में 4.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री, सोलन में 6 डिग्री, सुंदरनगर में 6.1 डिग्री और धर्मशाला में 12 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
22 नवंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान
ठंड बढ़ने के बीच बर्फबारी को लेकर भी नया पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 22 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट जारी रह सकती है।दिन के समय धूप खिलने से मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में बर्फबारी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

