हिमाचल के ऊंचे इलाकों में फिर गिरी बर्फ, वीडियो में जानें शिमला से लाहौल-स्पीति तक जनजीवन प्रभावित
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के कई ऊंचे पहाड़ी इलाकों में मंगलवार को एक बार फिर ताजा हिमपात दर्ज किया गया। मौसम के अचानक बदले मिजाज से जहां पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली, वहीं आम जनजीवन और यातायात पर इसका सीधा असर देखने को मिला। शिमला में दोपहर करीब एक बजे कुछ देर के लिए बर्फ की फुहारें गिरीं, जिससे मौसम अचानक ठंडा हो गया और सड़कों पर फिसलन बढ़ गई।
पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में भी दोपहर 12 बजे के बाद फ्रैश स्नोफॉल हुआ। बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर सड़कें फिसलन भरी हो गईं, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। शिमला-नारकंडा और अन्य ऊंचाई वाले हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लगने की खबरें सामने आई हैं। कई पर्यटक घंटों तक जाम में फंसे रहे, जबकि स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
राज्य के अन्य ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। चंबा जिले के भरमौर में शाम 5 बजे तक करीब 6 इंच ताजा हिमपात रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लाहौल-स्पीति जिले के स्पीति क्षेत्र में 2 इंच, रोहतांग दर्रे में 7 इंच और गोंदला में 8 इंच तक बर्फ गिरी। जिला मुख्यालय केलांग में भी 4 इंच फ्रैश स्नोफॉल हुआ है। इसके अलावा किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में दोपहर बाद से लगातार बर्फबारी जारी है।
ताजा हिमपात के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचे इलाकों में ठंड बढ़ने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। कई जगहों पर बिजली और संचार सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में मशीनरी और फील्ड स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि किसी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार शाम छह बजे ताजा बुलेटिन जारी कर चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार बुधवार सुबह 9 बजे तक चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और शिमला जिले के कुछेक स्थानों पर भारी हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
लगातार हो रही बर्फबारी के मद्देनजर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों की गैर-जरूरी यात्राएं फिलहाल टालने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि लोग स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें और मौसम साफ होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
हालांकि, ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को लेकर उम्मीदें भी जगी हैं, लेकिन प्रशासन का जोर फिलहाल लोगों की सुरक्षा पर है। आने वाले घंटों में मौसम की गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

