लाहौल-स्पीति में बाढ़ से मचा हड़कंप, वीडियो में देंखे जहालमा नाले में फंसे 150 से ज्यादा पर्यटक, सड़क बहने से आवाजाही ठप
लाहौल-स्पीति क्षेत्र में बीते दिन बर्फ पिघलने के बाद जहालमा नाले में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस बाढ़ के कारण लाहौल-स्पीति, चंबा और जम्मू को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुआ और 150 से अधिक पर्यटक व स्थानीय लोग रास्ते में ही फंस गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। शाम के समय फंसे हुए लोगों को आसपास के होम स्टे, होटलों और स्थानीय निवासियों के घरों में सुरक्षित ठहराया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अगली सुबह प्रशासन ने अस्थायी पुल बनाकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। हालांकि, राहत कार्य के बावजूद सड़क पूरी तरह से बह जाने के कारण वाहनों की आवाजाही अभी तक बहाल नहीं हो पाई है।सड़क मार्ग बंद होने से न केवल पर्यटक प्रभावित हुए हैं, बल्कि स्थानीय आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में तैयार खड़ी मटर की फसल भी रास्ता बंद होने के कारण फंस गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है। अब इस फसल को लेबर की मदद से नाले के पार दूसरी तरफ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन और राहत दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सड़क बहाली के प्रयास जारी हैं। इंजीनियरिंग टीम द्वारा मार्ग को जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण काम में समय लग सकता है।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता को उजागर किया है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने तक इस क्षेत्र की यात्रा से बचें।फिलहाल सभी फंसे हुए लोग सुरक्षित हैं, लेकिन सड़क बहाली और सामान्य यातायात शुरू होने में अभी कुछ समय लगने की संभावना जताई जा रही है।

