हिमाचल प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, मुख्य सचिव के साथ बैठक करेंगे CM सुक्खू

हिमाचल प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय समेत कई आईएएस, आईपीएस और एचएएस अधिकारियों को एक जगह से दूसरी जगह भेजा जाएगा। कई विभागाध्यक्षों और प्रशासनिक सचिवों को बदला जा रहा है। लंबे समय से एक ही विभाग संभाल रहे वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया जाएगा। विमल नेगी मामले में अनुशासनहीनता दिखाई गई है। प्रशासनिक फेरबदल को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्मिक विभाग में तबादलों के लिए आईएएस, आईपीएस, एचपीएस और एचएएस अधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है। एक-दो जिलों के उपायुक्त भी बदले गए हैं। निदेशक और विभागाध्यक्ष भी बदले जाने वाले हैं। हिमाचल इस समय वित्तीय संकट से जूझ रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल को घाटे से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की ओर से कई पहल की जा रही हैं। इन पहलों को धरातल पर मजबूती से लागू करने के लिए नौकरशाही में बदलाव करने होंगे। प्रदर्शन के आधार पर अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारियां दी जाएंगी। काम में देरी करने वाले अधिकारियों की शक्तियां कम की जाएंगी। कई अधिकारी ऐसे हैं जिनके पास कई विभागों का अतिरिक्त कार्यभार है। ये अधिकारी लगातार सरकार पर दबाव भी बना रहे हैं कि उनके पास अतिरिक्त कार्यभार है। ऐसे में फाइलों के समय पर निपटारे में दिक्कत आ रही है। ऐसे अधिकारियों से विभाग वापस लेकर दूसरे अधिकारियों को दिए जाएंगे।