
पहाड़ों में मौसमी बदलाव का असर लगातार देखा जा रहा है। लोगों को इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं। हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल रही है। साथ ही आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव होने की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश के सोलंगनाला के पास रविवार को अचानक हिमस्खलन हुआ। जिसके कारण सड़क बंद हो गई। हालांकि, घटनास्थल पर पहुंची बचाव टीम ने तुरंत सड़क साफ कर यातायात बहाल कर दिया। मौसम में बदलाव की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों के ऊंचाई वाले इलाकों में जाने पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मौसम की जानकारी होने के बाद ही यात्रा करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
सोलंगनाला-धुधी सड़क पर अचानक हिमस्खलन होने से मनाली से लाहौल स्पीति जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसकी सूचना तुरंत सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी को दी गई। अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजा और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अवरुद्ध सड़क को साफ कराया गया।
मनाली डीएसपी के अनुसार इस क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हिमस्खलन का खतरा है। इसलिए यात्रियों और चालकों को यात्रा करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। प्रशासन का कहना है कि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण फिसलने की संभावना अधिक रहती है। जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है, अनावश्यक जोखिम न लेने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
हिमाचल प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार आज से हिमाचल में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। कई इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना है। 15 मार्च के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है। हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और चंबा जैसे कई जिलों में बारिश की संभावना है। पंजाब में तापमान बढ़ गया है, जिससे गर्मी बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।