किन्नौर में बादल फटने से फ्लैश फ्लड, काचरंग नाले में उफान; फुटेज में देंखे शिमला समेत कई जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार तड़के बादल फटने की घटना के बाद काचरंग नाले में अचानक फ्लैश फ्लड आ गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं राज्य की राजधानी शिमला समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली है और बारिश का दौर शुरू हो गया है।
किन्नौर में तड़के फटा बादल
जानकारी के अनुसार, किन्नौर जिले के निचार क्षेत्र में सुबह करीब चार बजे बादल फटने के बाद कुछ समय तक भारी बारिश हुई। तेज बारिश के चलते काचरंग नाले में अचानक जलस्तर बढ़ गया और फ्लैश फ्लड की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों का रास्ता बहा
किन्नौर के उपायुक्त अमित शर्मा ने बताया कि फ्लैश फ्लड से किसी व्यक्ति या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि, ग्रामीणों के आवागमन के लिए इस्तेमाल होने वाला रास्ता बह गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित मार्ग को बहाल करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
शिमला में अचानक बदला मौसम
राजधानी शिमला में भी मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह करीब 10:30 बजे तक आसमान साफ था और हल्की धूप खिली हुई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम बदल गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए दोपहर तीन बजे तक शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, कुल्लू और मंडी जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। पर्वतीय इलाकों में मौसम के तेजी से बदलते मिजाज को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं।
अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रह सकता है मौसम
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और सलाह का पालन करने की हिदायत दी गई है।

