Samachar Nama
×

सुनसान रास्ता, रेकी और आंखों में मिर्ची पाउडर, शिमला में महिलाओं को निशाना बनाने वाला ऐसे पकड़ा गया
 

सुनसान रास्ता, रेकी और आंखों में मिर्ची पाउडर, शिमला में महिलाओं को निशाना बनाने वाला ऐसे पकड़ा गया

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुमारसैन इलाके में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने के आभूषण लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिलाओं की कई दिन तक रेकी करता था और उनके आने-जाने के रास्तों पर नजर रखता था। जैसे ही महिला सुनसान रास्ते पर अकेली मिलती, आरोपी उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसे असहाय कर देता और बालियां या मंगलसूत्र छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस ने तीन वारदातों को सुलझाते हुए जम्मू-कश्मीर के डोडा निवासी 26 वर्षीय जेल सिंह को गिरफ्तार किया है।

तीन वारदातों में एक जैसा तरीका

पुलिस के मुताबिक पहली घटना 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास हुई थी। सीमा देवी रास्ते से जा रही थीं, तभी आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर दोनों कानों की सोने की बालियां छीन लीं।

इसके बाद 14 सितंबर को कण्डयाली के पास सुनो देवी को इसी तरह निशाना बनाया गया। आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्ची डालकर सोने की बालियां झपट लीं।

तीसरी वारदात 26 सितंबर को हुई। आरोपी एक महिला के ढाबे पर लगातार तीन दिन तक आता रहा और उसकी गतिविधियों पर नजर रखता रहा। महिला के अकेले मिलने पर उसने आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसका मंगलसूत्र छीन लिया।

CCTV से बचने के लिए चुनता था सुनसान रास्ते

जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से कई दिन पहले इलाके की रेकी करता था। वह महिलाओं की आवाजाही और उनके रास्तों पर नजर रखता था। पुलिस के अनुसार वह ऐसे स्थानों को चुनता था, जहां CCTV कैमरों की निगरानी कम हो और महिला अकेली हो।

तीनों मामलों में वारदात का तरीका एक जैसा मिलने के बाद पुलिस ने इन्हें आपस में जोड़कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।

नूरपुर से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिली। इसके बाद शिमला पुलिस ने नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय किया और 5 अक्टूबर को जेल सिंह को हिरासत में लिया। उसे कुमारसैन लाया गया। पुलिस के मुताबिक तीनों मामलों की शिकायतकर्ताओं ने भी आरोपी की पहचान की है।

पहले से दर्ज है स्नैचिंग का मामला

पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ चंबा जिले के सिहुंता थाने में 5 मार्च 2026 को स्नैचिंग से जुड़ा मामला दर्ज है।

फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Share this story

Tags