उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, पहाड़ों पर पारा शून्य से नीचे; दक्षिण में बारिश का अलर्ट
देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है, तो कहीं बारिश का सिलसिला जारी है। उत्तर भारत के राज्यों में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे मैदानी इलाकों में भी सर्दी का असर बढ़ने लगा है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगह पारा शून्य से नीचे पहुंच चुका है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी है।
इस बीच मौसम विभाग ने 26 नवंबर के लिए देशभर के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में धुंध और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी सुबह के समय कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 26 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में 29 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में भी 26 और 27 नवंबर को घने कोहरे का अनुमान है। ओडिशा में भी कुछ स्थानों पर सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
कश्मीर में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान
पहाड़ी इलाकों में सर्दी का असर तेज हो गया है। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। घाटी में रात के समय ठंड बढ़ने के साथ सुबह और शाम के वक्त भी सर्द हवाएं चल रही हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फीली ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है।
दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने 26 और 27 नवंबर को केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। केरल और माहे में 26 से 28 नवंबर के बीच कई इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। केरल और माहे में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राजस्थान और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिम और मध्य भारत के लिए फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इन क्षेत्रों में सप्ताह के दौरान कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने की संभावना नहीं है। ऐसे में राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है।
कुल मिलाकर 26 नवंबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। उत्तर भारत में कोहरा और बढ़ती ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। सुबह के समय वाहन चालकों को कोहरे में सावधानी बरतने और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।

