Samachar Nama
×

नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मिले सीएम सुक्खू, इन मुद्दों को उठाया

नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मिले सीएम सुक्खू, इन मुद्दों को उठाया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। बैठक के दौरान किसाऊ बांध के लिए वित्त पोषण के मुद्दे पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने किसाऊ जल विद्युत परियोजना में राज्य के अधिकारों और हितों को ध्यान में रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार अथवा किसाऊ परियोजना के मुख्य लाभार्थी राज्य अर्थात दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को इस परियोजना की पूरी लागत वहन करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि रेणुका बांध परियोजना में स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और मुफ्त बिजली घटक पर विचार किया जाना चाहिए।

परियोजनाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि जलविद्युत परियोजनाएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परियोजनाओं के पर्यावरणीय और सामाजिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए राज्य को पर्याप्त मुआवजा दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से जल जीवन मिशन के अन्तर्गत शेष राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया। सी.आर. पाटिल ने राज्य को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार राम सुभग सिंह, आवास आयुक्त मीरा मोहंती और मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर भी उपस्थित थे।

कैंसर केयर सेंटर से सहायता की मांग
इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए आवश्यक सहायता के बारे में जानकारी प्रदान की। बैठक के दौरान आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यान्वयन और प्रगति तथा स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने केंद्र से कैंसर केयर सेंटर को सहयोग देने तथा राज्य के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में नवीनतम चिकित्सा प्रौद्योगिकी और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने पहाड़ी राज्यों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं के मानदंडों में ढील देने पर भी जोर दिया तथा बकाया धनराशि जारी करने की मांग की। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने राज्य को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार राम सुभग सिंह, आवास आयुक्त मीरा मोहंती और मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर भी उपस्थित थे।

Share this story

Tags