यूट्यूबर एलविश यादव को लॉरेंस गैंग से 10 करोड़ की रंगदारी की धमकी, वीडियो में जाने पुलिस जांच में जुटी
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर Elvish Yadav को कथित तौर पर लॉरेंस गैंग की ओर से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।परिवार के सदस्यों के मुताबिक, एलविश यादव को एक विदेशी नंबर से धमकी भरा मैसेज भेजा गया। मैसेज में दो दिन के भीतर 10 करोड़ रुपए देने की मांग की गई है। साथ ही धमकी दी गई कि यदि तय समय में पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें गोली मार दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, एलविश इन दिनों ‘लाफ्टर सेफ’ नाम के शो की शूटिंग में व्यस्त हैं और इसी सिलसिले में गुरुग्राम से बाहर बताए जा रहे हैं। धमकी मिलने के बाद परिवार और करीबी लोगों में चिंता का माहौल है।मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-56 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस अब धमकी भेजने वाले नंबर की जांच कर रही है। साइबर टीम की मदद से मैसेज की लोकेशन और उससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर एलविश यादव की सुरक्षा भी बढ़ाई जा सकती है।हाल के समय में कई सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिलने के मामले सामने आए हैं। सुरक्षा एजेंसियां ऐसे मामलों में लगातार सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और धमकी देने वालों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

