सिरसा में पत्नी की हत्या मामला, पारिवारिक कलह में पति ने कस्सी से काटी गर्दन, पुलिस को फोन कर आरोपी बोला- आप आ जाओ

सिरसा के चोपटा क्षेत्र के गांव रामपुरा ढिल्लों में सुबह 4 बजे दिल दहला देने वाली घटना घटी। पारिवारिक कलह से तंग आकर पति ने चारपाई पर सो रही पत्नी का दरांती से गला रेत दिया। इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी।
पुलिस को गांव में आरोपी का घर ढूंढने में कोई दिक्कत नहीं हुई। ऐसे में आरोपी खुद ही गली में खड़ा होकर पुलिस के आने का इंतजार करने लगा। नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घर के अंदर जाकर जांच की तो महिला का धड़ कटा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घर के अंदर एक कमरे में बंद कर दिया। वहीं, मृतका के परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी गई।
वहीं, पुलिस की टीम घर के बाहर चौकी पर बैठी रही। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता चल सके।
आरोपी मजदूरी करता है
गांव रामपुरा ढिल्लों निवासी रोहताश मजदूरी करता है। उसकी शादी 20 साल पहले 35 वर्षीय माया देवी से हुई थी। रोहताश के दो बेटे हैं। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात रोहताश अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। रात को किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। इसके बाद सुबह चार बजे रोहताश ने दरांती से माया देवी का सिर धड़ से अलग कर दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी राजकुमार, जमाल चौकी प्रभारी एएसआई राजेश कुमार और महिला कांस्टेबल सुनीता की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अपने माता-पिता से अलग मकान में रह रहा था रोहताश
जानकारी के अनुसार रोहताश पिछले 15 सालों से अपने माता-पिता से अलग मकान में रह रहा है। सूत्रों के अनुसार उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इस बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था। बताया जा रहा है कि रोहताश ने इसी पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या की है।