हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ से दक्षिणी जिलों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, अलर्ट जारी

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के दक्षिणी जिलों में जमकर बारिश हुई। शुक्रवार को एक और नया विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार पूर्वी हवाएं तापमान में हो रही बढ़ोतरी को नियंत्रित कर रही हैं। गुरुवार को शीतलहर के पांचवें दिन भी दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
दक्षिणी जिलों में लगातार बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, पलवल, नूंह, फरीदाबाद, एनसीआर व दिल्ली में हल्की बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। हालांकि, शेष जिलों में लोगों को गर्म हवाओं व उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। गुरुवार को कुछ स्थानों पर 4 डिग्री की गिरावट और कुछ स्थानों पर 3.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
आगे भी ऐसा ही रहेगा मौसम
मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के पीछे 30 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और उसके बाद 2 जून को एक और विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बदलाव जारी रहेगा। इससे हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
बारिश का ब्यौरा
भिवानी-0.5 मिमी
चरखी दादरी-20.5 मिमी
गुरुग्राम-4.0 मिमी
पलवल-1.5 मिमी
रेवाड़ी-6.5 मिमी