मासूम से बेटे को समझने लगी सफेद जिन्न की औलाद, तांत्रिक की बातों में आकर मां ने कर दिया बड़ा कांड

हरियाणा के फरीदाबाद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां एक मां ने एक महिला तांत्रिक के कहने पर अपने दो साल के बेटे को नहर में फेंक दिया। जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने आजतक को यह जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस ने साजिश रचने वाली महिला तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की मदद से बच्चे का शव आगरा नहर से बरामद कर लिया गया है। वहीं, बच्चे का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके पिता को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस ने सैनिक कॉलोनी निवासी मेघा नाम की महिला और पश्चिम बंगाल के भगतपुर निवासी मीता भाटिया नाम की तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। दोनों फिलहाल सैनिक कॉलोनी में रह रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला तांत्रिक ने बताया कि वह तंत्र-मंत्र विद्या में विश्वास करती है और बच्ची की मां उसके पास आती थी। उसने मेघा से कहा था कि उसका दो साल का बेटा एक 'जिन्न' से पैदा हुआ है और वह उसके परिवार को नष्ट कर देगा। जिसके चलते उसने अपने बेटे को आगरा नहर में फेंककर उसकी हत्या कर दी।
फिलहाल दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह भी जांच की जाएगी कि महिला इस तरह के अन्य मामलों में संलिप्त तो नहीं है। वहीं, बीपीटीपी थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि महिला मानसिक रूप से परेशान है। जिनका लंबे समय से इलाज चल रहा है।