सुहागरात मनाई, हनीमून पर भी गई और शादी के 14वें दिन दूल्हे को छोड भागी दुल्हन

हरियाणा के पानीपत में एक दूल्हे को प्रेम विवाह के ऐसे झांसे का सामना करना पड़ा कि उसे यह बात जिंदगी भर याद रहेगी। उसने कभी नहीं सोचा था कि उसकी दुल्हन ऐसा कुछ करेगी। दरअसल, शादी के बाद दुल्हन उसे छोड़कर भाग गई। वह घर में रखी नकदी और जेवर भी ले गई। दूल्हे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब लुटेरी दुल्हन की तलाश जारी है।
परिवार वालों के मुताबिक दुल्हन बिना किसी को बताए घर से चली गई। उसका न तो फोन मिल रहा है और न ही उसके बारे में कोई जानकारी है। यह मामला सदर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले रोहित (काल्पनिक नाम) ने 14 मई को नेहा (बदला हुआ नाम) से बरेली के एक मंदिर में शादी की थी। दूल्हा अपनी शादी से काफी खुश था। दोनों हनीमून पर भी गए थे। फिर लौटने के बाद 27 मई को दोपहर 3 बजे दुल्हन कहीं गायब हो गई।
पीड़ित परिवार ने कहा- हमने नेहा को ढूंढने की काफी कोशिश की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसका फोन भी बंद था। इसके बाद हमने उसके परिजनों को फोन किया। लेकिन हमें उनसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हमने सभी रिश्तेदारों से भी पूछा। नई दुल्हन के बारे में किसी को पता नहीं था। फिर पता चला कि घर से सारे कैश और जेवर गायब हैं। हमें समझते देर नहीं लगी कि दुल्हन हमें धोखा देकर भाग गई है।
'हमें दुल्हन की नीयत का पता नहीं था'
जानकारी के मुताबिक, दूल्हे ने यह लव मैरिज की थी। दूल्हे की मानें तो शादी के बाद से ही दुल्हन उसके साथ बहुत अच्छे से रह रही थी। ऐसे में क्या किसी को उसकी नीयत पर शक नहीं हुआ? वह हम सबका ख्याल रख रही थी। हनीमून पर भी वह बहुत खुश थी। पता नहीं उसने ऐसा क्यों किया।
लुटेरी दुल्हन की तलाश जारी है
पुलिस ने कहा- हमने दूल्हे की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। दुल्हन की तलाश जारी है। साथ ही, इस मामले में उसके परिवार वालों से भी पूछताछ की जाएगी। इस मामले में फिलहाल आगे की जांच चल रही है।