हरियाणवी गानों की दीवानी हैं पाकिस्तान की महिला पुलिस अफसर, वीडियो में देंखे ढांडा न्योलीवाला से लेकर राजू पंजाबी तक के गानों पर बनाई रील्स
पाकिस्तान की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डॉ. अनूश मसूद चौधरी इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी रील्स को लेकर चर्चा में हैं। पेशावर की रहने वाली डॉ. अनूश हरियाणवी और पंजाबी संगीत की बड़ी प्रशंसक हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई लोकप्रिय हरियाणवी और पंजाबी गानों पर वीडियो साझा किए हैं, जिन्हें हजारों लोग पसंद कर रहे हैं।
हरियाणवी गानों पर बनाई कई रील्स
डॉ. अनूश ने हरियाणवी कलाकारों के कई चर्चित गानों पर रील्स बनाई हैं। इनमें ढांडा न्योलीवाला का 'रशियन बंधाना', राजू पंजाबी का 'चौधर पूरी जाट की', खासा आला चाहर का 'जय वीरू' और सुमित गोस्वामी का 'टोरा' जैसे गाने शामिल हैं। उनके इन वीडियो को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
पंजाब एलीट पुलिस में अहम जिम्मेदारी
डॉ. अनूश मसूद चौधरी फिलहाल पाकिस्तान के पंजाब एलीट पुलिस में डिप्टी डायरेक्टर (एडमिनिस्ट्रेशन) के पद पर कार्यरत हैं। वह कानून-व्यवस्था से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती हैं। उनके फेसबुक अकाउंट पर लगभग 2.5 लाख फॉलोअर्स हैं, जहां वह समय-समय पर अपने वीडियो और अन्य पोस्ट साझा करती हैं।
पहली महिला SSP बनने पर आई थीं चर्चा में
डॉ. अनूश वर्ष 2018 में खैबर पख्तूनख्वा की पहली महिला SSP बनी थीं। उस समय उनकी नियुक्ति को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया था। उनकी कार्यशैली के साथ-साथ उनकी सार्वजनिक पहचान और व्यक्तित्व को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। बाद में उन्होंने लाहौर में SSP के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।
भारतीय संगीत की भी हैं प्रशंसक
हरियाणवी संगीत के अलावा डॉ. अनूश भारतीय पंजाबी संगीत भी पसंद करती हैं। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला, आर-नैत, एमी विर्क और गुर सिद्धू जैसे कलाकारों के गानों पर भी कई रील्स पोस्ट की हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर संगीत से जुड़े ऐसे कई वीडियो देखने को मिलते हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रही अलग पहचान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ संगीत के प्रति उनका शौक उन्हें सोशल मीडिया पर अलग पहचान दिला रहा है। उनके वीडियो पर पाकिस्तान ही नहीं, भारत समेत अन्य देशों के यूजर्स भी प्रतिक्रिया देते हैं। मनोरंजन और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की उनकी शैली सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

