चलती कार बना दरिंदगी का अड्डा: घंटों की हैवानियत के बाद खून से लथपथ मिली पीड़िता, आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद में, अपराधियों ने चलती कार में सड़क पर करीब तीन घंटे तक जघन्य अपराध किया। पीड़िता को पीटने और गैंगरेप करने के बाद चलती कार से फेंक दिया गया। वह खून से लथपथ, फटे कपड़ों में और सदमे की हालत में मिली। हैरानी की बात है कि सड़क पर इस भयानक अपराध को रोकने के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं और दावे नाकाफी साबित हुए। अपराधियों ने जब तक चाहा, अपनी दरिंदगी जारी रखी। पुलिस ने अब आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक, महिला तीन बच्चों की मां है और उसका अपने पति से झगड़ा चल रहा था। इसी वजह से वह अपनी मां के घर रह रही थी। मंगलवार शाम को, अपनी मां से झगड़े के बाद वह घर से निकल गई और अपराधियों के चंगुल में फंस गई। दो युवकों ने उसे अपनी कार में लिफ्ट दी और फिर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने महिला को ढाई से तीन घंटे तक वैन में बंधक बनाकर रखा।
सुबह 3 बजे चलती कार से फेंका गया
सुबह करीब 3 बजे, आरोपियों ने उसे एसजीएम नगर के राजा चौक पर मुल्ला होटल के पास चलती वैन से फेंक दिया। सड़क पर गिरने से महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह रहा था। उसने फोन पर अपनी बहन को सूचना दी। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3:30 बजे पीड़िता ने बार-बार अपनी बहन को फोन किया। संपर्क होने पर उसने पूरी घटना बताई। जब उसकी बहन मौके पर पहुंची, तो पीड़िता खून से लथपथ, फटे कपड़ों में और सदमे की हालत में मिली। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां शुरुआती इलाज के बाद गंभीर हालत के कारण उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। हालांकि, उसके परिवार ने उसे इलाज के लिए फरीदाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि 30 दिसंबर को कोतवाली थाने में रेप के मामले की शिकायत मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। क्राइम ब्रांच की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गैंगरेप की घटना ने शहर की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने महिलाओं से अपील की है कि अगर उन्हें रात में सवारी न मिले तो वे 112 पर कॉल करें। पुलिस की दुर्गा शक्ति टीम रात में राइड का इंतज़ार कर रही महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने का काम कर रही है। पुलिस का यह भी दावा है कि PCR पेट्रोलिंग लगातार एक्टिव है।
CCTV कैमरे भी फेल हो गए, जिससे सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं
पुलिस का दावा है कि शहर में एक हज़ार से ज़्यादा CCTV कैमरे लगे हैं। गुरुग्राम रोड पर पूरी रात लगातार ट्रैफिक रहता है। हालांकि, कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई थी, लेकिन पुलिस ने संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका भी नहीं। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर रेप की घटना ने नए साल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला को लिफ्ट देने के बहाने किडनैप किया गया। तीन घंटे तक घूम रही कार पुलिस की नज़र से बची रही। घटना के अनुसार, दो आरोपियों ने महिला को लिफ्ट देने का लालच देकर कार में बिठाया और फिर रास्ते में उसके साथ रेप किया। चलती कार में पीड़िता को टॉर्चर किया गया। इस दौरान कार गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर चलती रही। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने लंबे समय तक गाड़ी पुलिस की नज़र में क्यों नहीं आई। इस रूट पर सैनिक कॉलोनी और NIT नंबर तीन जैसे पुलिस बूथ हैं।

