‘तत्वदर्शी’ गाने को लेकर मासूम शर्मा को धमकियां, वीडियो में बोले- अभी चार और एल्बम आएंगी, मचेगा बवाल
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मामला उनके नए गाने ‘तत्वदर्शी’ से जुड़ा है। गाने में पाखंडी बाबाओं और डेरों पर निशाना साधा गया है। गाने का ट्रैक रिलीज होने के कुछ ही समय बाद सिंगर को कथित तौर पर धमकी भरे फोन आने लगे। मासूम शर्मा ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर लाइव आकर इस बारे में जानकारी दी। सिंगर ने दावा किया कि गाने में कुछ बाबाओं और उनके अनुयायियों पर सवाल उठाए जाने के बाद उन्हें धमकियां मिल रही हैं। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति या डेरे का नाम सार्वजनिक रूप से नहीं लिया।
बोले- सही हैं तो परेशानी क्यों?
लाइव के दौरान मासूम शर्मा ने कहा कि एक ऐसा व्यक्ति है जो खुद को गुरु या परमात्मा बताता है और उसके चेले इस बात से परेशान हैं कि गाने में उनके खिलाफ बात क्यों कही गई।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर संबंधित लोग सही हैं और गाने में जिन बुराइयों की बात की गई है, उनमें शामिल नहीं हैं, तो उन्हें परेशानी क्यों हो रही है।सिंगर ने यह भी कहा कि यह सिर्फ एक गाने तक सीमित नहीं रहेगा। उनके मुताबिक, फिल्मी बाबाओं पर आधारित चार और एल्बम आने वाली हैं और उन्हें लगता है कि आने वाले समय में इन गानों को लेकर और बड़ा विवाद हो सकता है।
‘सामाजिक मुद्दों पर गाने करते रहेंगे’
मासूम शर्मा ने कहा कि जब तक समाज में ऐसी बुराइयां मौजूद रहेंगी, तब तक वह सामाजिक मुद्दों पर गाने बनाते रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि गाने को लेकर परेशानी सिर्फ एक छोटे से वर्ग को है।उन्होंने कहा कि अगर लोगों को गाने से कोई मतलब नहीं होता या वे इसे सुनना पसंद नहीं करते तो यह यूट्यूब के ऑल इंडिया ट्रेडिंग चार्ट में तीसरे नंबर तक नहीं पहुंचता।सिंगर ने अपने बयान के जरिए यह बताने की कोशिश की कि गाने को दर्शकों का समर्थन मिल रहा है और इसी वजह से वह सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखने का सिलसिला जारी रखेंगे।
बाबा का नाम लिए बिना साधा निशाना
लाइव के दौरान मासूम शर्मा ने किसी बाबा का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर संबंधित लोगों पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को “तमाचे लगने चाहिए।”इसके साथ ही उन्होंने धर्म को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि अगर कोई धर्मविरोधी बातें करेगा तो उसके साथ ऐसा ही होना चाहिए।उनके इस बयान के बाद विवाद और बढ़ने की संभावना है। सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
गाने में पाखंड के खिलाफ संदेश
‘तत्वदर्शी’ गाने में मासूम शर्मा ने कथित तौर पर धार्मिक आस्था की आड़ में पाखंड करने वालों और डेरों की गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं। गाने को सामाजिक मुद्दे के तौर पर पेश किया गया है।हालांकि, गाने के रिलीज के बाद धमकी मिलने का दावा सामने आने से मामला अब सिर्फ संगीत तक सीमित नहीं रहा है। सिंगर के लाइव वीडियो के बाद उनके समर्थक और आलोचक दोनों सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।फिलहाल मासूम शर्मा की ओर से कथित धमकी भरे कॉल को लेकर पुलिस में शिकायत या सुरक्षा संबंधी किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, सिंगर ने साफ कर दिया है कि विवाद और धमकियों के बावजूद वह सामाजिक मुद्दों पर गाने बनाना जारी रखेंगे।

