Italian Jewelry Designer Fraud: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा और फिर ठगी; गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को दबोचा
गुरुग्राम में इटली की एक ज्वेलरी डिजाइनर से सोशल मीडिया के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की, खुद को AI कंटेंट क्रिएटर और ज्वेलरी डिजाइनर बताया और धीरे-धीरे उसे शादी का भरोसा दिलाकर पैसे ऐंठ लिए। मामले में गुरुग्राम पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी 36 वर्षीय अखिल मौर्या के रूप में हुई है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, इटली की 50 वर्षीय ज्वेलरी डिजाइनर डेनिएला डी पिएत्री की आरोपी से मार्च 2026 में इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच AI वीडियो और महिला के ज्वेलरी बिजनेस को लेकर बातचीत हुई। आरोपी ने उसके कारोबार के लिए AI वीडियो बनाने की पेशकश भी की।
धीरे-धीरे बातचीत निजी रिश्ते में बदल गई। आरोप है कि आरोपी ने महिला को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उससे शादी करने का वादा किया। पुलिस के मुताबिक उसने खुद को AI कंटेंट और वीडियो क्रिएटर के साथ-साथ ज्वेलरी डिजाइनर के रूप में भी पेश किया था।
नौकरी जाने का बनाया बहाना
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी पहले IT क्षेत्र में काम करता था और करीब एक लाख रुपये महीने तक वेतन पा रहा था। जुलाई 2025 में उसकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद उसने आर्थिक परेशानी का हवाला देकर महिला से मदद मांगी।
पुलिस के मुताबिक महिला ने 4 अगस्त को 450 यूरो और 10 सितंबर को 450 यूरो ट्रांसफर किए। कुल रकम करीब 900 यूरो यानी लगभग 98 हजार रुपये बताई गई है। रकम मिलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला से संपर्क बंद कर दिया।
खुद भारत पहुंची महिला
जब महिला को लगा कि उसके साथ धोखा हुआ है तो उसने मामले की शिकायत करने का फैसला किया। वह 28 सितंबर को भारत पहुंची और गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी का पता लगाया और उसे गुरुग्राम के सेक्टर-17 से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से कथित तौर पर ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
दो इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी
इस मामले की शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को आरोपी से जुड़े दो इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी मिली थी। इनमें से एक अकाउंट पर आरोपी ने खुद को गुरुग्राम आधारित ज्वेलरी डिजाइनर के तौर पर पेश किया था। पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू की थी और आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी सुरागों का इस्तेमाल किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों तथा महिला से हुई बातचीत की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इसी तरीके से अन्य लोगों से भी संपर्क या ठगी तो नहीं की गई।
महिला ने कहा- दूसरे लोगों को बचाना चाहती हूं
पीड़िता ने पुलिस से संपर्क करने के बाद कहा कि उसका उद्देश्य केवल पैसे वापस पाना नहीं था। वह चाहती थी कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई और व्यक्ति ऐसे ऑनलाइन रिश्ते के झांसे में न आए।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद डिजिटल सबूतों की जांच तेज कर दी है। पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, बैंक लेनदेन और महिला के साथ हुई बातचीत को जांच का हिस्सा बना रही है।

