Samachar Nama
×

रोहतक में होटल में घुसकर 4 लोगों की गोली मारकर हत्या, फुटेज में देंखे 50 कदम दूर थी पुलिस चौकी; 30 राउंड फायरिंग

रोहतक में होटल में घुसकर 4 लोगों की गोली मारकर हत्या, फुटेज में देंखे 50 कदम दूर थी पुलिस चौकी; 30 राउंड फायरिंग

हरियाणा के रोहतक में बुधवार-गुरुवार की रात करीब 1 बजे पांच हथियारबंद बदमाशों ने एक होटल में घुसकर चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में हुई। उस समय वहां कुछ लोग खाना खा रहे थे। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से खरावड़ पुलिस चौकी महज 50 कदम की दूरी पर है। हमलावरों ने करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए।

मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनीत और यश उर्फ गंजू के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान बेरी निवासी हिमांशु के तौर पर की गई है। आरोप है कि हमलावर हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े थे। वहीं, मारे गए तीन युवक बाबा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। हिमांशु का किसी गैंग से संबंध नहीं था।

स्विफ्ट कार में पहुंचे पांच बदमाश

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1 बजे रिंकू, विनीत और यश मिलन होटल में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने होटल में घुसते ही तीनों युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।अचानक गोलियां चलने से होटल में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए। फायरिंग इतनी भीषण थी कि रिंकू, विनीत और यश की मौके पर ही खाने की टेबल पर मौत हो गई।

भाग रहे हिमांशु को भी मारी गोली

बताया जा रहा है कि बेरी निवासी हिमांशु भी उसी होटल में खाना खा रहा था। फायरिंग शुरू होने के बाद वह जान बचाने के लिए भागने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी बाबा गैंग का सदस्य समझ लिया और उस पर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

2019 से चली आ रही गैंगवार

इस वारदात को हिमांशु भाऊ गैंग और बाबा गैंग के बीच चल रही दुश्मनी से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया गया है कि रिटौली गांव के रहने वाले सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच वर्ष 2019 से दुश्मनी चली आ रही है। करीब सात साल से जारी इस गैंगवार में अब तक नौ लोगों की जान जा चुकी है।फिलहाल चार लोगों की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Share this story

Tags