Samachar Nama
×

नूंह में 4.30 करोड़ की हेरोइन बरामद, फुटेज में देंखे क्रेटा कार सवार दो आरोपी गिरफ्तार

नूंह में 4.30 करोड़ की हेरोइन बरामद, फुटेज में देंखे क्रेटा कार सवार दो आरोपी गिरफ्तार

नूंह जिले में तावडू सीआईए टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने रंगाला घाटी के पास एक काले रंग की क्रेटा कार से 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन जब्त की। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज पुत्र हाकमदीन निवासी नानुका, नूंह और सलीम पुत्र कमरुदीन निवासी खेड़ी, जिला खैरथल-तिजारा, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

सूचना के बाद रंगाला घाटी में नाकाबंदी

जानकारी के अनुसार तावडू सीआईए प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो नशा तस्कर काले रंग की क्रेटा कार में हेरोइन लेकर रंगाला घाटी के रास्ते नानुका की तरफ आने वाले हैं।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने रंगाला घाटी के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध काले रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी।

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, टीम ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान कार ने पुलिस के सरकारी वाहनों को टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोक लिया और उसमें सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान कार से 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कार को भी कब्जे में ले लिया।

सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे नूंह में किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ और जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

Share this story

Tags