गुरुग्राम में लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, फुटेज में देंखे दौसा से पकड़ा गया; हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी
गुरुग्राम में लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे उसके दोस्त लवनीश के साथ राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया। दौसा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा BNS 109 भी जोड़ दी है।यह मामला 13 सितंबर को सामने आया था। कार की टक्कर के बाद सड़क पर गिरने वाली लेडी बाइकर की पहचान शिवानी चौहान उर्फ सिया के रूप में हुई है। वह दिल्ली की रहने वाली हैं। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पहले लापरवाही से ड्राइविंग का केस
घटना के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में BNS की धारा 281 और चोट पहुंचाने के आरोप में धारा 125 के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा BNS 109 भी जोड़ दी।पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को राजस्थान के दौसा से पकड़े जाने के बाद उसे गुरुग्राम लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि घटना के समय कार में कौन-कौन लोग मौजूद थे और हादसे के बाद आरोपी ने कहां-कहां शरण ली।
दो दोस्तों को भी हिरासत में लेने की बात
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने कार चलाने वाले कल्याण बैंसला के दो दोस्तों निंदर और प्रमोद को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि निंदर हादसे वाले दिन यानी 13 सितंबर को कल्याण को पलवल से लेकर आया था।वहीं, प्रमोद पर आरोपी को गांव से भगाने में मदद करने का आरोप है। पुलिस अब इन दोनों से भी पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हादसे के बाद आरोपी की फरारी में किस-किस ने उसकी मदद की।
हादसे के बाद सड़क पर गिर गई थीं शिवानी
कार की टक्कर लगने के बाद लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया सड़क पर गिर गई थीं। घटना के बाद उनका मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।अब कल्याण बैंसला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर हादसे की परिस्थितियों और उसके बाद की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मामले में आगे अन्य लोगों की भूमिका और आरोपों की भी जांच की जा रही है।

