‘नशा मुक्त हरियाणा’ थीम वाली आर्टिस्ट लीग में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, योगी दहिया का बोतल खोलने का अंदाज चर्चा में
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित हरियाणवी आर्टिस्ट चैंपियंस लीग अब एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में आ गई है। जिस कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त हरियाणा और खेलों को बढ़ावा’ रखी गई थी, उसी से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कलाकारों को कथित तौर पर शराब पार्टी करते देखा जा रहा है।वायरल वीडियो में हरियाणवी कलाकार योगेश उर्फ योगी दहिया कोहनी मारकर शराब की बोतल खोलते नजर आ रहे हैं। उनके आसपास कुछ अन्य कलाकार भी खड़े दिखाई दे रहे हैं।
कोहनी से बोतल खोलने का वीडियो वायरल
वीडियो में योगी दहिया बोतल खोलने का एक अलग अंदाज दिखाते हैं। इस दौरान पीछे से एक शख्स की आवाज सुनाई देती है, जो उनके अंदाज पर प्रतिक्रिया देते हुए कहता है, “वाह भाई वाह, के मारा है रै।”इसके बाद वीडियो में मौजूद कलाकार बोतल के साथ एंजॉय करते दिखाई देते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आयोजकों और कलाकारों पर सवाल उठने लगे हैं।
9 सितंबर को हुई थी ओपनिंग सेरेमनी
आयोजक साहिल सोहरडा के मुताबिक, देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 सितंबर को लीग की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की गई थी।इसके बाद 10 सितंबर से लीग के मुकाबले शुरू हुए। उद्घाटन समारोह में हरियाणवी कलाकार प्रांजल दहिया और खासा आला चाहर समेत कई कलाकार शामिल हुए थे।
सोशल मीडिया अकाउंट से जारी किया गया माफीनामा
वीडियो सामने आने के बाद लीग के सोशल मीडिया अकाउंट से एक माफीनामा पोस्टर भी जारी किया गया है। इसमें पूरे मामले को लेकर सफाई देने की कोशिश की गई है।हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर आयोजकों और कलाकारों की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कार्यक्रम की थीम और वायरल वीडियो के बीच विरोधाभास को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
थीम को लेकर उठे सवाल
‘नशा मुक्त हरियाणा’ और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस लीग में सामने आए वीडियो ने आयोजन की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि आयोजक इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करते हैं और कलाकारों की ओर से क्या सफाई दी जाती है।

