Samachar Nama
×

खाटूश्यामजी से 20 महीने के बच्चे का अपहरण, फुटेज में देंखे हरियाणा से आरोपी महिला गिरफ्तार; माता-पिता को सौंपा मासूम

खाटूश्यामजी से 20 महीने के बच्चे का अपहरण, फुटेज में देंखे हरियाणा से आरोपी महिला गिरफ्तार; माता-पिता को सौंपा मासूम

खाटूश्यामजी मंदिर परिसर से 20 महीने के बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बच्चे को अगवा करने वाली आरोपी महिला को हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला के कोई संतान नहीं थी, इसी वजह से उसने कथित तौर पर बच्चे के अपहरण की साजिश रची। घटना 15 अगस्त की है, जब आरोपी महिला ने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मंदिर क्षेत्र से बच्चे को अगवा कर लिया था।सीकर पुलिस आरोपी महिला पिंकी राजपूत पत्नी मिथुन कुमार को गिरफ्तार कर मंगलवार को सीकर लेकर पहुंची। पुलिस ने बच्चे को भी सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया है। मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

छुट्टी के दिन भीड़ का उठाया फायदा

एसपी प्रवीण नायक नूनावत के अनुसार आरोपी महिला ने बच्चे के अपहरण के लिए पहले से योजना बना रखी थी। उसने वीकेंड या छुट्टी के दिन को चुना, क्योंकि ऐसे दिनों में खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की संख्या काफी ज्यादा रहती है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर महिला ने बच्चे को अपने कब्जे में लिया और मौके से निकल गई।पुलिस के मुताबिक बच्चा जब रोने लगा तो आरोपी महिला ने उसे दूध पिलाया और बिस्किट खिलाए। इसके बाद वह बच्चे को लेकर खाटूमजी से बाहर निकल गई।

माता-पिता दर्शन करने पहुंचे थे

एसपी ने बताया कि 16 अगस्त को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी रामबहादुर ने खाटूश्यामजी थाने में बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्हों पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी और 20 महीने के बेटे के साथ 15 अगस्त को खाटूश्यामजी दर्शन करने आए थे।दर्शन के दौरान उनकी पत्नी के हाथ में एक निशान था, जिसे उनका बेटा नीचे गिरा देता है। पत्नी निशान उठाने के लिए नीचे झुकती हैं। इसी दौरान कुछ ही पलों में बच्चा वहां से गायब हो जाता है।परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

CCTV फुटेज से मिला सुराग

बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक महिला बच्चे को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दी।इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी महिला के आने और जाने के रूट की पहचान की। अलग-अलग स्थानों के कैमरों की फुटेज को जोड़ते हुए पुलिस टीम महिला तक पहुंचने में जुटी रही।जांच के दौरान पुलिस को महिला के हरियाणा के बल्लभगढ़ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।

बच्चे को माता-पिता को सौंपा

पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता के हवाले कर दिया है। बच्चे के मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस अब आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने बच्चे के अपहरण की योजना कब और कैसे बनाई थी और इस घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।पुलिस के अनुसार आरोपी महिला को गिरफ्तार कर सीकर लाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this story

Tags