Samachar Nama
×

गुजरात में ₹634 करोड़ के निवेश घोटाले का खुलासा, SD Pay और Apna Pay ऐप से लाखों लोगों को बनाया निशाना, फुटेज में देंखे 6 गिरफ्तार

गुजरात में ₹634 करोड़ के निवेश घोटाले का खुलासा, SD Pay और Apna Pay ऐप से लाखों लोगों को बनाया निशाना, फुटेज में देंखे 6 गिरफ्तार

 

गुजरात के अमरेली साइबर क्राइम पुलिस ने मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए चल रहे एक बड़े निवेश घोटाले का पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि SD Pay और Apna Pay नाम के प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ज्यादा रिटर्न और कैशबैक का लालच देकर निवेश कराया गया। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में करीब 634 करोड़ रुपए के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है।

ज्यादा मुनाफे का लालच देकर बनाया जाल

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए इस योजना का बड़े स्तर पर प्रचार किया। लोगों को दावा किया गया कि निवेश करने पर उन्हें रोजाना कैशबैक और आकर्षक रिटर्न मिलेगा। इसके अलावा नए लोगों को जोड़ने पर रेफरल बोनस देने का भी लालच दिया गया।जांच एजेंसियों के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए देशभर में बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ा गया। शुरुआती जांच में डेढ़ लाख से ज्यादा निवेशकों के इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

15 बैंक खातों में जमा हुए 634 करोड़

अमरेली साइबर क्राइम टीम की वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपियों से जुड़ी कंपनियों के करीब 15 कॉर्पोरेट बैंक खातों में लगभग 634 करोड़ रुपए जमा हुए। पुलिस ने इन खातों की जांच शुरू कर दी है।इसके अलावा जांच टीम ने आरोपियों से जुड़े 30 से 35 निजी बैंक खातों की भी पहचान की है। इन खातों की फोरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रकम को किन-किन खातों में ट्रांसफर किया गया और इसका इस्तेमाल कहां हुआ।

कंपनियां बनाकर किया गया लेनदेन

जांच में पता चला है कि आरोपियों ने कथित र पर कई कंपनियों और बैंक खातों का इस्तेमाल कर पैसे का लेनदेन किया। पुलिस अब इन कंपनियों की भूमिका, उनके निदेशकों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने निवेशकों को भरोसा दिलाने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया। शुरुआत में कुछ निवेशकों को भुगतान कर विश्वास बनाया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों से रकम जमा कराई गई।

सोशल मीडिया पर किया गया प्रचार

इस कथित ठगी योजना को फैलाने के लिए सोशल मीडिया चैनलों, ऑनलाइन ग्रुप और डिजिटल मार्केटिंग का सहारा लिया गया। लोगों को गारंटीड कमाई और नियमित भुगतान का दावा कर निवेश के लिए आकर्षित किया गया।साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे मामलों में ठग पहले छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न देकर लोगों का भरोसा जीतते हैं और बाद में बड़ी रकम निवेश करवाने के बाद पैसे निकालने में परेशानी पैदा करते हैं।

पुलिस ने शुरू की आगे की जांच

अमरेली साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और कितने निवेशक प्रभावित हुए हैं।अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांचें और असामान्य रूप से ज्यादा रिटर्न का दावा करने वाली योजनाओं से सावधान रहें।

Share this story

Tags