गुजरात में पिता ने 2 साल के बेटे पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, वीडियो में जाने अस्पताल ले गया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गुजरात के वाव-थराद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही दो साल के बेटे को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चे को अपने ऊपर बोझ मानता था। घटना के बाद आरोपी खुद बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के मायके जाने के बाद बेटे के साथ अकेला रह रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, यह घटना 13 अक्टूबर को सुईगाम तालुका के रावलवास इलाके में हुई। आरोपी की पहचान अशोक जीताभाई रावल के रूप में हुई है। बताया गया है कि अशोक की पत्नी के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद वह पिछले तीन महीने से अपने मायके में रह रही थी। इस दौरान अशोक अपने दो साल के बेटे नवघन के साथ अकेला रह रहा था।पुलिस के मुताबिक, पत्नी के घर पर नहीं होने के कारण अशोक को बच्चे की देखभाल करने में परेशानी हो रही थी। आरोप है कि इसी वजह से उसने अपने बेटे को बोझ समझना शुरू कर दिया था।
पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे आरोपी ने कथित तौर पर अपने बेटे नवघन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद वह बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। एक मासूम बच्चे की मौत से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
चाचा ने दर्ज कराई शिकायत, आरोपी गिरफ्तार
मामले में सुईगाम तालुका के रावलवास निवासी बाबूभाई लखमनभाई रावल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने अपने भतीजे अशोक जीताभाई रावल को आरोपी बनाया है।शिकायत के आधार पर सुईगाम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी अशोक रावल को गिरफ्तार कर लिया है। अब मामले में आगे की जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपी ने कथित तौर पर इस वारदात को क्यों अंजाम दिया। फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच जारी है।

