गुजरात के लोक डायरो में नोटों की बारिश, गायक जिग्नेश कविराज पर डेढ़ घंटे तक उड़ते रहे रुपए, वीडियो वायरल
Gujarat के जूनागढ़ जिले में आयोजित एक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जिले के खंभालिया गांव में बुधवार रात आयोजित श्रीमद् भगवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के दौरान हुए लोक डायरो कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायक Jignesh Kaviraj पर जमकर नोटों की बारिश की गई। इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह भजन संध्या अहीर समाज और प्रयागराज समूह द्वारा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। जैसे ही जिग्नेश कविराज ने अपने लोकप्रिय भजनों और लोकगीतों की प्रस्तुति शुरू की, मंच के सामने मौजूद लोग उत्साह में नोट उड़ाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे तक लगातार नोट बरसाए गए। कुछ लोग तो बोरियों में भरकर नकदी लेकर पहुंचे थे और मंच के पास खड़े होकर गायक पर रुपए उड़ाते दिखाई दिए। कार्यक्रम के दौरान मंच और आसपास का इलाका नोटों से भर गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
गुजरात में इस तरह की धार्मिक और सांस्कृतिक भजन संध्या को “लोक डायरो” कहा जाता है। यह केवल मनोरंजन या धार्मिक आयोजन नहीं होता, बल्कि इसके पीछे सामाजिक उद्देश्य भी जुड़े होते हैं। लोक डायरो के जरिए जुटाई गई राशि का उपयोग स्कूलों, गोशालाओं, गरीब बच्चियों की शादी और अन्य सामाजिक कार्यों के लिए किया जाता है।
आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम में लोगों द्वारा चढ़ाई गई पूरी रकम समाज सेवा के कार्यों में दान कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गुजरात में वर्षों से लोक डायरो की परंपरा चली आ रही है और लोग इसे धार्मिक आस्था और सामाजिक सहयोग दोनों से जोड़कर देखते हैं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इतनी बड़ी मात्रा में नकदी उड़ाने पर सवाल उठा रहे हैं।
जिग्नेश कविराज गुजरात के बेहद लोकप्रिय लोक कलाकारों में गिने जाते हैं। उनके भजन और लोकगीत ग्रामीण इलाकों से लेकर बड़े शहरों तक काफी पसंद किए जाते हैं। उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं और कई बार इस तरह नोट बरसाने की घटनाएं भी देखने को मिलती हैं।

