सूरत में रील बनाने का खतरनाक स्टंट पड़ा भारी, फुटेज में देंखे 40 फीट ऊंचे ओवरब्रिज से गिरा युवक, ऑटो शेड ने बचाई जान
गुजरात के सूरत में सोशल मीडिया रील बनाने का जुनून एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। यहां 21 साल का एक युवक वीडियो बनाने के दौरान 40 फीट ऊंचे ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। हालांकि किस्मत अच्छी थी कि वह सीधे जमीन पर नहीं गिरा, बल्कि नीचे खड़े ऑटो रिक्शा के शेड पर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई।यह घटना सोमवार की बताई जा रही है, जिसका CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया। वीडियो में युवक ओवरब्रिज पर खड़ा दिखाई दे रहा है और कुछ ही पल बाद संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर जाता है।
रील बनाने के दौरान बिगड़ा संतुलन
जानकारी के मुताबिक, युवक ओवरब्रिज पर सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था। इसी दौरान वह खतरनाक तरीके से किनारे की ओर चला गया और अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह करीब 40 फीट नीचे जा गिरा।नीचे मौजूद ऑटो रिक्शा के शेड ने गिरने की रफ्तार को कम कर दिया। अगर युवक सीधे सड़क या जमीन पर गिरता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद लोग हैरान रह गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक के गिरते ही आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं।स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक को चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे स्टंट से बढ़ रहे हादसे
रील और वीडियो बनाने के चक्कर में युवाओं द्वारा जोखिम भरे स्टंट करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कई बार लोग ज्यादा व्यूज और लाइक्स पाने के लिए ऐसी जगहों पर वीडियो बनाते हैं, जहां थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से अपील करते रहे हैं कि सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए अपनी सुरक्षा को खतरे में न डालें।
विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि ऊंचाई वाली जगहों, रेलवे ट्रैक, सड़क और पानी के आसपास वीडियो बनाते समय विशेष सावधानी रखनी चाहिए। कुछ सेकंड की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।सूरत की इस घटना में युवक की जान तो बच गई, लेकिन यह घटना एक बार फिर बताती है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए खतरनाक स्टंट करना कितना जोखिम भरा हो सकता है।

