अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान से 4 किलो सोना बरामद, वीडियो में देंखे टॉयलेट के स्पीकर बॉक्स में छिपाए गए थे 24 बिस्किट
गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विमान से करीब 4 किलो सोना बरामद किया है। यह सोना इंडिगो एयरलाइंस के उस विमान से मिला, जो गुरुवार को दुबई से अहमदाबाद पहुंचा था। अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि विमान के जरिए सोने की तस्करी की जा सकती है। सूचना के आधार पर DRI की टीम ने विमान की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान विमान के टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स के अंदर छिपाकर रखी गई दो संदिग्ध थैलियां बरामद हुईं।
स्पीकर बॉक्स में मिले 24 सोने के बिस्किट
तलाशी के दौरान मिली दोनों थैलियों में कुल 24 सोने के बिस्किट रखे हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सोना 999 शुद्धता (प्योरिटी) का है और इसका कुल वजन लगभग 4 किलोग्राम है।
4 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई कीमत
DRI के मुताबिक, बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद तस्करी के एंगल से जांच तेज कर दी गई है।
तस्कर की तलाश जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सोना विमान में किसने छिपाया था और इसे कौन लेकर आया था। जांच एजेंसियां विमान के यात्रियों, क्रू मेंबर्स और एयरपोर्ट पर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। इसके अलावा फ्लाइट से जुड़े अन्य तकनीकी और सुरक्षा रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
तस्करी के नेटवर्क की जांच
अधिकारियों का मानना है कि यह किसी संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। DRI अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोने को विमान के टॉयलेट में कब और कैसे छिपाया गया तथा इसका अंतिम गंतव्य क्या था। जांच एजेंसियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

