गोवा अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स भारत लाए गए! एयरपोर्ट पर पुलिस ने किया गिरफ्तार, जाने अब क्या होगी कार्यवाही
सौरभ और गौरव लूथरा, जो गोवा के अरपोरा में एक नाइटक्लब में लगी भीषण आग के बाद से फरार थे, उन्हें भारत वापस लाया गया है। जैसे ही उनकी फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी, गोवा पुलिस वहां मौजूद थी। फ्लाइट से उतरते ही उन्हें गिरफ्तार करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू हो गई।
लूथरा भाइयों को थाईलैंड से दिल्ली लाया गया
लूथरा भाइयों को 16 दिसंबर, 2026 को थाईलैंड से दिल्ली लाया गया। वे इंडिगो की फ्लाइट 6E-1064 से भारत पहुंचे। उनकी वापसी के लिए सभी ज़रूरी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी, उसके बाद मेडिकल जांच
सूत्रों के अनुसार, लूथरा भाइयों को फ्लाइट से उतरते ही तुरंत हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों का मेडिकल चेकअप किया जाएगा। इसके बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड के लिए दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
11 दिसंबर को थाईलैंड में हिरासत में लिया गया
लूथरा भाइयों को 11 दिसंबर को थाईलैंड के फुकेट में होटल इंडिगो में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उन्हें 12 दिसंबर को फुकेट से बैंकॉक लाया गया, जहां से उन्हें भारत वापस लाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हुई। 11 दिसंबर को गोवा पुलिस की पहल पर लूथरा भाइयों के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए गए थे। उसी दिन रोहिणी कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज कर दी थी और उन्हें कोई राहत नहीं मिली थी।
आग लगने के दौरान थाईलैंड भागने की योजना
जांच में पता चला कि जब नाइटक्लब में आग लगी हुई थी, तभी मालिकों ने थाईलैंड भागने की तैयारी कर ली थी। गोवा पुलिस के अनुसार, लूथरा भाइयों ने 7 दिसंबर को सुबह 1:17 बजे एक ट्रैवल पोर्टल के ज़रिए फुकेट के लिए टिकट बुक किए थे। गोवा पुलिस ने 8 दिसंबर को दोनों आरोपियों के खिलाफ देश छोड़ने से रोकने के लिए लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था।
25 लोगों की मौत
गौरतलब है कि 6 दिसंबर की आधी रात के बाद गोवा के अरपोरा में 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब में भीषण आग लग गई थी। इस दुखद घटना में 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही इस मामले में लूथरा भाइयों की भूमिका की जांच की जा रही थी।

