आखिर क्यों दिल्ली यूनिवर्सिटी की प्रिंसिपल ने दीवारों को गोबर से लीपा, वायरल वीडियो में देखें पूरा मामला
हाल ही में दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कॉलेज के प्रिंसिपल प्रत्यूष वत्सला और अन्य स्टाफ कक्षा की दीवारों पर गाय के गोबर से लिखते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो के बारे में बताते हुए प्राचार्य ने कहा कि यह एक संकाय सदस्य द्वारा किए जा रहे एक शोध परियोजना का हिस्सा है।
गोबर लिपना परियोजना का हिस्सा
दिल्ली विश्वविद्यालय के LB कॉलेज की प्रिंसिपल ने गाय के गोबर से कॉलेज की दीवारों की लिपाई का काम शुरू कर दिया हैं..!
— SHILPI PARIHAR (@ShilpiSinghINC) April 13, 2025
हमें विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता हैं..!
😉😉😉 pic.twitter.com/uMg8Otq7UK
पीटीआई से बात करते हुए प्रिंसिपल ने कहा, "प्रक्रिया अभी भी चल रही है और एक हफ्ते बाद हम नतीजे साझा करेंगे। शोध पोर्टा केबिन में किया जा रहा है और मैंने खुद इसे किया क्योंकि प्राकृतिक मिट्टी, खासकर गोबर से कोई नुकसान नहीं है। कुछ लोग पूरी जानकारी के बिना इसे गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि इस शोध का उद्देश्य कक्षाओं को ठंडा रखने के लिए स्वदेशी और प्राकृतिक उपाय अपनाना है। वीडियो में प्रिंसिपल वत्सला अपने स्टाफ के साथ दीवारों पर गाय का गोबर लगाती नजर आ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस वीडियो को कॉलेज शिक्षकों के एक समूह के बीच साझा किया और कहा कि कक्षा के माहौल को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह शोध स्वदेशी और पारंपरिक तरीकों को लागू करने की दिशा में एक प्रयास है।
प्रिंसिपल ने अपने संदेश में लिखा, "जिनकी कक्षाएं यहां हैं, उन्हें जल्द ही इन कमरों का नया रूप देखने को मिलेगा। हम आपके सीखने के अनुभव को सुखद बनाने के लिए यह पहल कर रहे हैं।"
डीयू का लक्ष्मीबाई कॉलेज कब स्थापित हुआ?
1965 में स्थापित लक्ष्मीबाई कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रमुख कॉलेजों में से एक है। यह कॉलेज अशोक विहार में स्थित है और दिल्ली सरकार के अधीन संचालित होता है। कॉलेज में पाँच ब्लॉक हैं। कॉलेज स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर विभिन्न पाठ्यक्रम प्रदान करता है। यहां यूजी पाठ्यक्रम: बी.ए., बी.ए. (ऑनर्स) अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, बी.एससी., बी.एससी. (ऑनर्स) और पीजी पाठ्यक्रमों में एम.ए. अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, संस्कृत, सांख्यिकी, राजनीति विज्ञान, इतिहास उपलब्ध हैं।