Samachar Nama
×

Weather Update Today:  दिल्ली में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, संसद से अस्पतालों तक जलभराव; आज भी हल्की बारिश के आसार
 

Weather Update Today:  दिल्ली में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, संसद से अस्पतालों तक जलभराव; आज भी हल्की बारिश के आसार


राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। भारी बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। नई संसद भवन परिसर में भी पानी भरने की तस्वीरें और वीडियो सामने आए।AIIMS के आसपास और सफदरजंग अस्पताल में भी भारी जलभराव देखने को मिला। वहीं, कश्मीरी गेट इलाके में बारिश के बाद एक इमारत की दीवार गिरने की घटना सामने आई।

24 घंटे में 99 मिमी से ज्यादा बारिश

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 99.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 8.7 मिमी अतिरिक्त बारिश रिकॉर्ड हुई।अयानगर में सबसे ज्यादा 101.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। रिज में 100 मिमी, लोधी रोड में 98.3 मिमी और पालम में 68.8 मिमी बारिश हुई।लगातार बारिश का असर राजधानी के तापमान पर भी दिखाई दिया। पिछले 24 घंटों में दिल्ली के न्यूनतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

IMD के मुताबिक, बुधवार 26 अगस्त को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।आज न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में मंगलवार जैसी भारी बारिश से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और जलभराव की समस्या बनी रह सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में भी बदला मौसम

बारिश का असर दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों में भी देखने को मिला। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि नोएडा में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राजधानी में बारिश के दौरान पूर्वी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। पालम में मंगलवार शाम करीब 6 बजे हवा की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान करीब 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है।मौसम में बदलाव और लगातार बारिश के चलते राजधानी में उमस के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आने वाले घंटों में भी बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

Share this story

Tags