फिर आ रहे वो झुलसाने वाले दिन...दिल्ली में आज हीटवेव का रेड अलर्ट, जानें गर्मी से कब मिलेगी राहत

दिल्ली में आज यानी गुरुवार को हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। तापमान और उमस दोनों ही अधिक रहेंगे, जिसका लोगों पर गंभीर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने शाम तक धूल भरी आंधी या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है, जिसमें हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ेगी
दिल्ली में कल शाम करीब 40% नमी दर्ज की गई, जिसके कारण 'महसूस जैसा' तापमान 52 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। आज के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नमी का स्तर काफी अधिक रहेगा, जिसके कारण लोगों को अधिक गर्मी और उमस का एहसास होगा और बेचैनी बढ़ेगी।
सप्ताह के अंत तक राहत मिलने की उम्मीद
देश के उत्तरी हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी बढ़ रही है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस शुक्रवार से गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जो सप्ताह के अंत तक जारी रह सकती है।
इन चक्रवाती गतिविधियों के बाद दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
हीटवेव से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
1-इस मौसम में खुद को सुरक्षित रखने के लिए, धूप में बाहर जाने से बचें, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच।
2- प्यास न लगने पर भी जितना हो सके पानी पिएं।
3- हल्के कपड़े, हल्के रंग के कपड़े, ढीले और सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय धूप का चश्मा, छाता/टोपी, जूते और चप्पल अवश्य पहनें।
4- जब बाहर का तापमान अधिक हो तो व्यायाम या बाहर टहलने से बचें।
5- यात्रा करते समय हमेशा अपने साथ पानी रखें और बीच-बीच में पानी पीते रहें।
6- शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेय से बचें। ये पेय शरीर को निर्जलित करते हैं।
7- उच्च प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ खाने से बचें और जंक फूड न खाएं।
8-अगर आपको काम करने या धूप में रहने की मजबूरी है, तो टोपी या छाता का इस्तेमाल करें और अपने सिर, गर्दन, चेहरे और अंगों पर पानी में भिगोया हुआ कपड़ा बांधें।
9-बेहोशी या बीमार महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
10-घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, तोरनी (चावल का पानी), ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, शर्बत का सेवन करें जो शरीर को हाइड्रेट करने में मदद करते हैं। 11-अपने घर को ठंडा रखने की कोशिश करें। दिन में खिड़कियां बंद रखें और रात में ठंडी हवा आने के लिए खोलें।
हीट स्ट्रोक होने पर क्या करें
1-हीट स्ट्रोक को सन स्ट्रोक भी कहते हैं। इसमें इंसान के शरीर का तापमान काफी बढ़ जाता है। अगर किसी व्यक्ति को हीट स्ट्रोक हो जाए, तो उसे ठंडी जगह या छाया में रखें। उसके शरीर को गीले कपड़े से पोंछें या बार-बार शरीर पर पानी डालें। सिर पर सामान्य तापमान का पानी डालें। ऐसा करने का उद्देश्य शरीर के तापमान को कम करना है।
2- व्यक्ति को तुरंत ओआरएस या नींबू शर्बत/तोरानी या जो भी पेय उपलब्ध हो, पिलाएं, इससे पीड़ित के शरीर में तुरंत नमी आ जाएगी।
3- पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाएं और जरूरत पड़ने पर उसे भर्ती कराएं क्योंकि हीट स्ट्रोक बहुत खतरनाक हो सकता है।