दिल्ली के कालकाजी में बंद मकान से 45 वर्षीय महिला की सड़ी-गली लाश मिली, 10 दिन से बंद था घर; अकेली रहती थी मृतका
राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक बंद मकान से 45 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। महिला का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, मकान पिछले 8 से 10 दिनों से बंद था।
मृतका की पहचान सोना के रूप में हुई है। वह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी एक्सटेंशन की गली नंबर-9 में मकान की तीसरी मंजिल पर अकेली रहती थीं। बताया जा रहा है कि कई दिनों से घर का दरवाजा नहीं खुला था। पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया और घंटी बजाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। रविवार को घर से तेज बदबू आने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुई टीम
सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी दमकल विभाग और क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर दमकलकर्मियों की मदद से उसे तोड़ा गया। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।प्रारंभिक जांच में घर के दरवाजे या अन्य हिस्सों पर जबरन प्रवेश के निशान नहीं मिले हैं। मौके पर भी किसी आपराधिक गतिविधि के स्पष्ट संकेत नहीं मिले। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
कोलकाता में रहती है मृतका की बहन
पुलिस के अनुसार, सोना के माता-पिता और दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी थी। उनकी एक बहन कोलकाता में रहती है। पुलिस उससे संपर्क करने की कोशिश कर रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस को आशंका है कि महिला की मौत करीब 10 दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

