दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में 9 पुलिसकर्मियों को चाकू मारने वाला आरोपी एनकाउंटर में घायल, फुटेज में देखें पुलिस ने 8 गोलियां चलाईं; 3 जवानों की हालत गंभीर
दिल्ली में पुलिस थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी नबील का सोमवार शाम एनकाउंटर कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर 8 गोलियां चलाईं, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। इस हमले में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल जवानों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मामला दिल्ली के जामा मस्जिद थाने का है। यहां पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मामले में आरोपी नबील को पूछताछ के लिए लाया गया था। पुलिस के अनुसार, वह सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे थाने पहुंचा था। उसके पास पहले से ही चाकू छिपाकर रखा हुआ था। पूछताछ के दौरान अचानक उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने जवानों के गले और चेहरे को निशाना बनाकर कई वार किए और इसके बाद थाने से फरार हो गया।
थाने के अंदर 5 पुलिसकर्मियों पर किया हमला
अचानक हुए हमले से थाने में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी के हमले में सब-इंस्पेक्टर अजय और अरविंद के अलावा हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एएसआई श्री कृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद नबील थाने से एक बाइक लेकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गईं। पुलिस को आरोपी की लोकेशन चितली कब्र इलाके में मिली।
पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर दोबारा चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, चितली कब्र इलाके में जब पुलिस टीम ने नबील को पकड़ने की कोशिश की तो उसने दोबारा चाकू निकाल लिया और जवानों पर हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू करने के लिए कार्रवाई की।
इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने नबील पर 8 गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उसके पैर में लगी। गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
इस पूरी घटना में जामा मस्जिद थाने और चितली कब्र इलाके में हुई दोनों वारदातों को मिलाकर कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से तीन जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का भी उपचार किया जा रहा है।
पुलिस अब आरोपी नबील से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ के दौरान उसने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला क्यों किया और उसके पास चाकू कहां से आया था।

