Samachar Nama
×

तहव्वुर राणा ने मांगे केस से जुड़े खास दस्तावेज, एनआईए को अदालत ने दिया दो सप्ताह का समय

तहव्वुर राणा ने मांगे केस से जुड़े खास दस्तावेज, एनआईए को अदालत ने दिया दो सप्ताह का समय

मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के मामले में आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा ने केस से जुड़े कुछ विशेष दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है। दिल्ली की विशेष राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) अदालत ने उसकी याचिका स्वीकार करते हुए जांच एजेंसी को ऐसे दस्तावेजों की सूची उपलब्ध कराने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है, जिनका इस्तेमाल आरोपपत्र में साक्ष्य के रूप में नहीं किया गया है।

आरोप तय करने को लेकर चल रही सुनवाई

विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा की अदालत में सोमवार को इस मामले की सुनवाई हुई। राणा की ओर से दलील दी गई थी कि जांच एजेंसी ने आरोपपत्र के साथ जो दस्तावेज जमा किए हैं, उनमें से कुछ की प्रतियां उसे उपलब्ध कराई जाएं। अदालत ने एनआईए को दो सप्ताह में ऐसे दस्तावेजों की सूची देने का निर्देश दिया। सोमवार को कुछ दस्तावेज उपलब्ध भी कराए गए।

फिलहाल अदालत में राणा के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर दलीलें सुनी जा रही हैं। मामले में अदालत की ओर से नियुक्त न्याय मित्र अधिवक्ता निशांत सिंह ने अपनी दलीलें पेश करने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा है। अदालत ने अगली सुनवाई 18 दिसंबर को तय की है।

अप्रैल 2025 में भारत लाया गया था राणा

तहव्वुर राणा को अप्रैल 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। इसके बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद है। उस पर 26/11 मुंबई आतंकी हमले की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं। इस हमले में 166 लोगों की जान गई थी।

इससे पहले 14 नवंबर को अदालत ने तिहाड़ जेल प्रशासन को राणा को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उसकी जांच कराने का निर्देश दिया था। राणा ने कान, नाक और गले के साथ हड्डियों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला दिया था। अदालत ने जेल नियमों के अनुसार उसे कानून से जुड़ी किताबें उपलब्ध कराने की मांग भी स्वीकार की थी।

Share this story

Tags