Samachar Nama
×

दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट, वीडियो में देंखे भाजपा मुख्यालय समेत कई सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ाई गई

दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट, वीडियो में देंखे भाजपा मुख्यालय समेत कई सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ाई गई

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इंटेलिजेंस एजेंसियों ने राजधानी में बड़े आतंकी खतरे की चेतावनी जारी की है, जिसके बाद भाजपा मुख्यालय और आसपास स्थित कई महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।सूत्रों के मुताबिक, एजेंसियों को आशंका है कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित राजनीतिक और सरकारी दफ्तरों को आतंकियों द्वारा निशाना बनाया जा सकता है। इनपुट में आत्मघाती हमला, कार ब्लास्ट, गोलीबारी और IED विस्फोट जैसे संभावित हमलों की आशंका जताई गई है।

अलर्ट जारी होने के बाद दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। भाजपा मुख्यालय के आसपास अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए CCTV मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ-साथ बम निरोधक दस्तों और डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां राजधानी में मौजूद होटल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर भी विशेष नजर बनाए हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हालांकि अब तक किसी संगठन का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि देश की राजधानी होने के कारण दिल्ली हमेशा आतंकियों के निशाने पर रहती है, इसलिए इस तरह के इनपुट को बेहद गंभीरता से लिया जाता है। फिलहाल राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है और एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Share this story

Tags