सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: मालिक हरिराम बंसल पुलिस हिरासत में, हादसे के बाद से था फरार
राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद से ही हरिराम बंसल फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए 10 टीमें गठित की थीं। इसके अलावा उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस (LOC) भी जारी किया गया था, ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके।
हादसे के बाद से पुलिस कर रही थी तलाश
सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान बिल्डिंग मालिक की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद से ही हरिराम बंसल पुलिस की रडार पर था।
लापरवाही के आरोपों की जांच जारी
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हादसे से जुड़े कारणों और कथित लापरवाहियों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बिल्डिंग निर्माण और रखरखाव में किन नियमों का उल्लंघन हुआ था।हरिराम बंसल की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है। पुलिस अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

