लोहगढ़ किले पर पुलिस ने रीक्रिएट किया हत्या का सीन, वीडियो में जाने गूगल सर्च हिस्ट्री से हुई चौंकाने वाली जानकारी
चर्चित पुणे मर्डर केस की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। रविवार सुबह पुलिस ने लोहगढ़ किले पर पहुंचकर हत्या की घटना का सीन रीक्रिएट किया। इस दौरान मामले के दोनों आरोपी, सिया गोयल और चेतन चौधरी, को भी घटनास्थल पर ले जाया गया।रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस की टीम सुबह करीब 6:30 बजे दोनों आरोपियों को लेकर लोहगढ़ किले पहुंची। टीम करीब ढाई घंटे तक मौके पर मौजूद रही और आरोपियों के बताए अनुसार पूरी घटना को दोहराया गया।
डमी के जरिए दोहराई गई पूरी घटना
मामले की जांच कर रहे डीएसपी गजानन टोंपे ने बताया कि सिया गोयल को घटनास्थल पर लाकर उसके बताए अनुसार पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट किया गया। इसके लिए पुलिस ने मृतक केतन के समान वजन वाली एक डमी तैयार की, ताकि यह समझा जा सके कि घटना किस तरह अंजाम दी गई थी और जांच में तथ्यात्मक पुष्टि हो सके।
गूगल पर पहले से की थी पूरी प्लानिंग
जांच के दौरान पुलिस को एक और बड़ा सुराग मिला है। पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने घटना से पहले गूगल पर लोहगढ़ किले के 'डेथ पॉइंट' सर्च किए थे। इतना ही नहीं, दोनों ने वहां तक पहुंचने का रास्ता, खाई वाले इलाके और संभावित स्थानों की भी जानकारी जुटाई थी।
डिजिटल सबूतों की हो रही जांच
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, इंटरनेट सर्च हिस्ट्री और अन्य डिजिटल सबूतों की गहन जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों से यह आशंका मजबूत हुई है कि वारदात को कथित तौर पर पहले से योजना बनाकर अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जुटाए गए डिजिटल व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

