प्रवेश वर्मा की राहुल गांधी पर टिप्पणी से भड़के पवन खेड़ा, बोले- 'ऐसा व्यक्ति सिर्फ BJP में ही हो सकता है'
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी अब और तीखी हो गई है। प्रवेश वर्मा की राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने पलटवार किया है। खेड़ा ने कहा, "एक ही दिन में अहंकार के दो उदाहरण। ऐसा व्यक्ति भाजपा में ही हो सकता है।"
दरअसल, दिल्ली में एक युवक को थप्पड़ मारने से जुड़े वीडियो के बाद राहुल गांधी ने प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि युवक सड़क की स्थिति का वीडियो बना रहा था और इसी दौरान मंत्री ने उसे थप्पड़ मारा। उन्होंने इस घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
प्रवेश वर्मा ने राहुल गांधी को दिया जवाब
राहुल गांधी की पोस्ट पर प्रवेश वर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "राहुल जी, आप रहने दो भाई, आपको कुछ नहीं पता।" इसके बाद पवन खेड़ा ने प्रवेश वर्मा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें निशाने पर लिया।
इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। थप्पड़ से जुड़े मूल मामले को लेकर भी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रवेश वर्मा ने अपने पक्ष में कहा है कि विवाद के दौरान एक कार्यकर्ता द्वारा परिवार को गाली दिए जाने के बाद उन्होंने आवेश में आकर थप्पड़ मारा।

