दिल्ली के मालवीय नगर में रेस्टोरेंट में भीषण आग, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 10 लोगों की मौत; कई गंभीर
राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया।दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह करीब 9:45 बजे रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
बेसमेंट में फंसे थे लोग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रेस्टोरेंट के बेसमेंट में कई लोग फंसे ए थे। दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर गंभीर हालत में लोगों को बाहर निकाला। इनमें से कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, बेसमेंट से रेस्क्यू किए गए तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
10 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल विभाग की 10 गाड़ियां भेजी गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, इमारत के अंदर अभी भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह गया हो।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा के मद्देनजर घेर लिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की है। यह हादसा एक बार फिर व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। प्रशासन अब रेस्टोरेंट और बिल्डिंग में मौजूद फायर सेफ्टी इंतजामों की भी जांच करेगा।

