Samachar Nama
×

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मिलेगी राहत, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, जानें कब मेहरबान होंगे मेघराज

देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, लेकिन लोगों को 50 डिग्री से ज्यादा की गर्मी का अहसास हो रहा...
asd

देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, लेकिन लोगों को 50 डिग्री से ज्यादा की गर्मी का अहसास हो रहा है। तापमान के 'फील्स लाइक' फीचर में इसे देखा जा सकता है। गर्म हवाओं और लू के कारण जनजीवन प्रभावित है। लेकिन अब दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है क्योंकि मौसम विभाग ने आज (14 जून) राजधानी में बारिश और आंधी की संभावना जताई है।

दिल्ली समेत कई इलाकों को मिलेगी बारिश से राहत- IMD

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाएं चलने और बीच-बीच में बारिश होने का अनुमान है। दिल्लीवासियों के लिए यह गर्मी से राहत देने वाली हो सकती है। राजधानी में गुरुवार (12 जून) को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां हीट इंडेक्स 54.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण मिल सकती है थोड़ी राहत, मानसून में देरी

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है। साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं और तूफान जैसे हालात बन सकते हैं। किसानों और आम लोगों को इस दौरान सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। इन बदलावों से न सिर्फ गर्मी से कुछ राहत मिलेगी, बल्कि हवा की गुणवत्ता में भी सुधार होने की संभावना है।

हालांकि राहत की यह उम्मीद पूरी तरह से मानसून पर निर्भर करेगी। इस बार मानसून दक्षिण भारत में तो लगभग समय पर पहुंच गया है, लेकिन उत्तर भारत में इसका आगमन थोड़ा विलंब से हो रहा है। इसके कारण दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में लंबे समय से भीषण गर्मी पड़ रही है। अगर आने वाले दिनों में बारिश जारी रहती है तो यह भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

Share this story

Tags