दिल्ली में ट्रैफिक और मेट्रो अलर्ट: जंतर-मंतर प्रदर्शन के चलते 11 स्टेशन बंद, इन रास्तों पर डायवर्जन
दिल्ली में 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से 11 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं। हालांकि कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली के कई इलाकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
DMRC के अनुसार जिन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को बंद किया गया है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, INA, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों से मेट्रो बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की सुविधा बंद रहेगी।
कनॉट प्लेस समेत इन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन
जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, GPO, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड और पार्लियामेंट स्ट्रीट सहित आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही की व्यवस्था की है। पुलिस ने वाहन चालकों से प्रभावित रास्तों से बचने और संभव होने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को घर से निकलने से पहले अपने रूट की योजना बनाने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के चलते ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है।
जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले के प्रमुख स्थानों पर दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती भी बढ़ाई गई है। इलाके में बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा जांच कड़ी की गई है।
प्रदर्शन के लिए पुलिस से अनुमति नहीं मिलने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बावजूद प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। यात्रियों और वाहन चालकों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने और प्रभावित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।
मेट्रो से सफर करने वालों के लिए जरूरी अपडेट
दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को प्रभावित 11 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद होने के कारण अपने रूट की पहले से जांच करने की सलाह दी गई है। इंटरचेंज की सुविधा वाले स्टेशनों का इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि सड़क मार्ग से जाने वालों को कनॉट प्लेस, पटेल चौक, टॉल्स्टॉय मार्ग और जंतर-मंतर के आसपास वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।

