दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली में मिला सरकारी बंगला, वीडियो में जानें पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर आवंटित हुआ घर
सरकार ने तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को दिल्ली के लुटियंस जोन में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह आवास पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर स्थित है। जानकारी के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर यह आवंटन किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह बंगला सीधे दलाई लामा के व्यक्तिगत नाम पर नहीं, बल्कि उनके कार्यालय गाडेन फोड्रंग ट्रस्ट को आवंटित किया गया है। यह ट्रस्ट दलाई लामा की संस्था और उनके आध्यात्मिक कार्यों से जुड़ा है।
सरकारी आवास का आवंटन आमतौर पर तीन साल के लिए किया जाता है और नियमों के अनुसार इसे आगे बढ़ाने का प्रावधान भी रहता है। हालांकि, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से इस आवंटन पर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बंगले को लेकर पहले भी हुई थी प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने पिछले साल आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से बंगले की मांग की थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में यह बंगला विदेश मंत्रालय को परिचालन संबंधी जरूरतों के लिए सौंपा गया था। बाद में इसे दलाई लामा के कार्यालय को उपलब्ध कराया गया।
बंगले में सुरक्षा से जुड़े इंतजाम भी किए गए हैं। इसके लिए चारदीवारी मजबूत करने, गेट की सुरक्षा बढ़ाने और अन्य सुरक्षा सुविधाएं लगाने का काम प्रस्तावित किया गया था।
इस आवंटन के बाद दलाई लामा के दिल्ली दौरे के दौरान उनके कार्यालय के पास अपना निर्धारित ठिकाना होगा। इससे उनके प्रवास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर होने वाली व्यवस्थाओं में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

