राजधानी दिल्ली में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। बताया जा रहा है कि यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई, जिसमें खालिस्तानी ग्रुप के नाम का उल्लेख है। धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। दोनों संवेदनशील स्थलों के अंदर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता(बम डिस्पोजल स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और फायर विभाग की टीमें तैनात हैं। आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, ईमेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी असली है या किसी की शरारत।
फिलहाल दोनों परिसरों में तलाशी अभियान जारी है। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां एहतियातन सभी जरूरी कदम उठा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

