पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पहली सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार का शपथ ग्रहण 9 मई को हो सकता है। इसको लेकर पार्टी स्तर पर बैठकों का दौर जारी है और अंतिम रणनीति पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा शुभेंदु अधिकारी के नाम की हो रही है, जिन्हें इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। हालांकि, संघ पृष्ठभूमि से जुड़े कुछ अन्य नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं, जिन पर पार्टी विचार कर सकती है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार नेतृत्व चयन में राजनीतिक अनुभव के साथ-साथ प्रशासनिक क्षमता और विकास के विजन को भी अहम आधार बनाया जा रहा है। बीजेपी राज्य में एक उद्योग-हितैषी (इंडस्ट्री फ्रेंडली) सरकार देने का संदेश देना चाहती है, ताकि निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल जैसे बड़े और औद्योगिक संभावनाओं वाले राज्य में बीजेपी अपनी छवि एक विकासोन्मुख सरकार के रूप में स्थापित करना चाहती है। ऐसे में मुख्यमंत्री का चयन भी इसी रणनीति के तहत किया जा सकता है।
वहीं, पार्टी के अंदर संतुलन बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय और संगठनात्मक समीकरणों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विधायक दल की बैठक के बाद ही मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
फिलहाल, राज्य की राजनीति में हलचल तेज है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर बीजेपी किस चेहरे पर भरोसा जताती है और पश्चिम बंगाल को नया नेतृत्व कौन देता है।

