दिल्ली में भरतपुर के फुटवियर कारोबारी की हत्या, 20 से ज्यादा चाकू वार; वीडियो में देखें एक आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के नरेला इलाके में राजस्थान के भरतपुर निवासी एक फुटवियर कारोबारी की बदमाशों ने चाकू गोदकर हत्या कर दी। कारोबारी जान बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उस पर करीब 20 बार चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई हमलावर कारोबारी पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
मृतक की पहचान भरतपुर निवासी रवि चौधरी के रूप में हुई है, जो दिल्ली के नरेला क्षेत्र में फुटवियर का कारोबार करते थे। घटना 20 फरवरी की रात करीब साढ़े 8 बजे की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो 22 फरवरी को सामने आया।
परिजनों के अनुसार, रवि चौधरी की अपनी फैक्ट्री में एक कर्मचारी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी विवाद के बाद कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान 15 से 20 हमलावरों ने रवि चौधरी को घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान रवि चौधरी ने जान बचाने की कोशिश की और वहां से भागे, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा किया और पकड़कर हमला जारी रखा। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है और फरार आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

