कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस का बड़ा ऐक्शन, राहुल-प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं के खिलाफ FIR
दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने बड़ा ऐक्शन लिया है। पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित धक्का-मुक्की, ड्यूटी में बाधा डालने और सरकारी काम में रुकावट डालने के आरोपों को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं पर केस
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बुधवार को जंतर-मंतर की ओर मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा पार करने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कई अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी एफआईआर में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।
एक दिन पहले भी दर्ज हुई थी FIR
यह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से जुड़ी इस प्रदर्शन श्रृंखला में दूसरी कानूनी कार्रवाई है। इससे पहले मंगलवार को चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में भी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च किया था। पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए थे। बाद में कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ?
बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेता फिर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर को लेकर अपनी मांगें उठा रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया।
इसके बाद प्रियंका गांधी समेत कई महिला नेता सड़क पर बैठ गईं और संविधान की प्रति लेकर विरोध जताया। कुछ समय बाद सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
चुनाव आयोग के खिलाफ जारी है विरोध
कांग्रेस और विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग और बीजेपी विपक्ष के आरोपों को खारिज करते रहे हैं।
इस पूरे विवाद के बीच कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन और 'काला दिवस' मनाने का ऐलान किया है। ऐसे में दिल्ली में प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं पर दर्ज एफआईआर से राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार हैं।

