14 साल का लड़का विमान के पिछले पहिये में छिपकर काबुल से पहुंच गया दिल्ली, सब अचरज में, जिंदा कैसे बच गया?
दिल्ली एयरपोर्ट से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक बच्चा विमान के लैंडिंग गियर पर बैठकर दिल्ली पहुँच गया। काबुल से दिल्ली आ रहे एक विमान के लैंडिंग गियर में एक 13 साल का बच्चा छिप गया। दिल्ली पहुँचने के बाद जब विमान की जाँच चल रही थी, तब इस बच्चे के बारे में जानकारी मिली। बच्चे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
जानकारी के अनुसार, काबुल से दिल्ली आ रही KAM एयरलाइंस की उड़ान (RQ-4401) की तलाशी के दौरान यह बच्चा मिला। वह काबुल से विमान में चढ़ा था और लैंडिंग गियर के पास छिप गया था। 21 सितंबर की सुबह करीब 11:10 बजे एयरलाइन के सुरक्षा कर्मचारियों ने बच्चे को विमान के पास घूमते हुए देखा।
बच्चा कहाँ है?
सुरक्षा कर्मचारियों ने बच्चे से पूछताछ की तो पता चला कि वह अफ़ग़ानिस्तान के कुंदुज़ शहर का रहने वाला है और बिना टिकट विमान के लैंडिंग गियर सेक्शन में घुसकर आया था। विमान की गहन तलाशी के दौरान एयरलाइन की सुरक्षा और इंजीनियरिंग टीम को लैंडिंग गियर वाले हिस्से से एक छोटा लाल रंग का ऑडियो स्पीकर भी मिला।
वह 94 मिनट तक लैंडिंग गियर में छिपा रहा
अफ़ग़ानिस्तान की KAM एयरलाइंस का विमान काबुल के हामिद करज़ई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह 8:46 बजे भारतीय समयानुसार रवाना हुआ और सुबह 10:20 बजे दिल्ली के टर्मिनल 3 पर पहुँचा। वह 94 मिनट तक लैंडिंग गियर में छिपा रहा। रात करीब 11 बजे बच्चे को विमान के पास घूमते देखा गया और फिर उसे पकड़कर पूछताछ के लिए ले जाया गया। कई एजेंसियों के अधिकारियों ने उससे पूछताछ की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्चे ने पारंपरिक अफ़ग़ान पोशाक पहनी हुई थी। वह ईरान जाना चाहता था, लेकिन गलत विमान में चढ़ गया। इस तरह वह काबुल से दिल्ली पहुँच गया। वह प्रतिबंधित क्षेत्र में घूम रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया। जब उसे पकड़कर पूछताछ की गई, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।

